वर्तमान समय में डोनाल्ड ट्रम्प अपना अधिकांश समय, वफादारों को इनाम देने और बात न मानने वालों को दंडित करने में गुज़ार रहे हैं। जिन लोगों को ट्रम्प दंडित करना चाहते हैं उनमें वैसे तो कई लोग होंगे किंतु रिपब्लिकन गवरनर, उनकी सरकार के चीफ जस्टिस और फाक्स न्यूज़ आदि के नाम प्रमुखता से शामिल हैं।
संचार माध्यमों के अनुसार अमरीका के न्यायमंत्री विलयम बार, ट्रम्प के वाइट हाउस से जाने से पहले ही अपने अपदस्थ किये जाने को लेकर समीक्षा में लगे हुए हैं। ट्रम्प से निकट के संबन्ध होने के बावजूद विलयम बार ने ट्रम्प की इच्छा के विरुद्ध कहा था कि इस बात का कोई भी सुबूत नहीं मिलता जो यह सिद्ध कर सके कि 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में व्यापक स्तर पर धांधली की गई है। अमरीका में वाटर गेट मामले के बाद से विलयम बार, किसी आरोपित अमरीकी राष्ट्रपति के प्रबल समर्थक के रूप में रहे हैं। सन 2019 में अमरीका के न्यायमंत्री नियुक्त होने के बाद वे ट्रम्प के सबसे भरोसेमंद व्यक्ति में परिवर्तित हो चुके थे।

अपने सेवाकाल में विलयम बार का यह प्रयास रहता था कि सन 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप के बारे में ट्रम्प की टीम की जांच के कारण वाइट हाउस और क़ानून मंत्रालय के बीच उत्पन्न होने वाले मतभेदों को कम से कम किया जाए। ट्रम्प की इस हद तक सेवा करने के बावजूद जबसे विलयम बार ने यह कहा है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव में किसी भी प्रकार की धांधली का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है, उस समय से ट्रम्प उनसे बहुत नाराज़ हैं और अब उनकी नौकरी पर बन आई है। वैसे विलयम बार एसे पहले अमरीकी अधिकारी नहीं हैं जो ट्रम्प के प्रकोप का शिकार हुए हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सत्ताकाल में 50 से अधिक अधिकारियों को अपदस्थ कर दिया। अपदस्थ किये जाने वालों में वाइट हाउस और फे़डरल सरकार दोनों से संबन्ध रखने वाले अधिकारी शामिल हैं।
हालांकि ट्रम्प को अच्छी तरह से पता है कि अब वे वाइट हाउस में ज़्यादा दिन के मेहमान नहीं है किंतु फिर भी वे अपने क़रीबियों को पदों पर आसीन करते जा रहे हैं। यह वे लोग हैं जिन्होंने ट्रम्प के सत्ताकाल में उनकी सेवा की है। डेली बीस्ट ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि ट्रम्प ने Brian Ballard को "जाॅन एफ कैनेडी सेंटर" के आर्ट्स बोर्ड के सदस्य के रूप में और Jeff Miller को "अमेरिकन होलोकास्ट मेमोरियल काउंसिल" का सदस्य मनोनीत किया है। इन दोनों ने ट्रम्प के दोबारा चुनाव के लिए लाबिंग करते हुए लाखों डाॅलर जमा करके ट्रम्प को दिये थे। जेफ मिलर और ब्रेन बालार्ड ने चार मिलयन से अधिक डालर एकत्रित किये थे।
कैनेडी सेंटर बोर्ड के सदस्य की अवधि 6 वर्षों की होती है जबकि अमेरिकन होलोकास्ट मेमोरियल काउंसिल के सदस्य का कार्यकाल 5 वर्षों तक रहता है। अमरीकी विदेश मंत्रालय में कार्यरत ब्रायन हुक को भी ट्रम्प की ओर से उपहार मिला है जो विदेश मंत्रालय में ईरान से संबन्धित मामलों को देखा करते थे। ब्रायन हुक को "बोर्ड आफ दा वुड्रो विल्सन इंटरनैश्नल सेंटर फार रिसर्च" की सदस्यता मिली है। ब्रायन हुक ने अमरीकी विदेश मंत्रालय से उन अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाने में बहुत अहम भूमिका निभाई है जो ट्रम्प के प्रति वफ़ादार नहीं थे। कहते हैं कि ट्रम्प लगातार चुनावी परिणामों को नकार रहे हैं जबकि उनको पता है कि उन्हें वाइट हाउस छोड़ना ही पड़ेगा क्योंकि उन्होंने अब अमरीका के आगामी राष्ट्रपति पद के चनुाव से बहुत उम्मीद बांध रखी है जो 2024 में आयोजित होंगे।
डेली बीस्ट समाचारपत्र की वेबसाइट ने इससे पहले तीन जानकार सूत्रों के हवाले से लिखा था कि जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही ट्रम्प, 2024 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी की समीक्षा में लगे हुए हैं। जानकारों का कहना है कि चुनाव में धांधली के मुद्दे को अगर ट्रम्प सही तरीके से भुना नहीं पाए तो वे अगला क़दम आगामी राष्ट्रपति चुनाव में प्रत्याशी बनने पर केन्द्रित करेंगे। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार 2020 के राष्ट्रपति पद के चनुाव में धांधली के मुद्दे को सिद्ध न कर पाने की स्थिति में ट्रम्प की अगली रणनीति 2024 के चुनाव को टारगेट करने की है। ट्रम्प अब रिपब्लिकन्स में एक प्रभावी नेता के रूप में सामने आए हैं। शायद यही कारण है कि ट्रम्प की ओर से चुनाव में धांधली का दावा करने और उसे सिद्ध न कर पाने के बावजूद कोई उनका खुलकर विरोध नहीं कर पा रहा है।
हालांकि एसा नहीं है कि कोई भी ट्रम्प का विरोध नहीं कर पा रहा है। कुछ एसे रिपब्लिकन्स हैं जो ट्रम्प का विरोध करते हैं जैसे जार्जिया के गवर्नर ब्रेन कैंप। ट्रम्प ने जार्जिया के गवर्नर ब्रेन कैंप को टेलिफोन करके उनसे मांग की थाी कि वे कांग्रेस में एक विशेष सत्र बुलाकर बाइडन की जीत को रद्द कर दें किंतु ट्रम्प की इस मांग को ब्रेन कैंप ने नहीं माना। एसे में जो बाइडन को रोकने के लिए ट्रम्प के पास अब कोई भी हथकण्डा बाक़ी नहीं है। अब यह समाचार आ रहे हैं कि जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह में ट्रम्प भाग नहीं लेना चाह रहे हैं बल्कि उससे भागना चाहते हैं।
Axios website के अनुसार ट्रम्प चाहते हैं कि जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह में वे नाटकीय रूप से वाइट हाउस छोड़कर चले जाएं। ट्रम्प की योजना है कि इस दिन वे राष्ट्रपति के विशेष विमान से फ्लोरिडा जाएंगे जहां पर उनके बहुत से समर्थक मौजूद होंगे। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि यह भी अमरीका में पहली बार होगा कि सत्ता संभालने वाला प्रत्याशी, राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले रहा होगा जबकि उसी समय सत्ता छोड़ने वाला राष्ट्रपति, शपथ ग्रहण समारोह स्थल से बहुत दूर अपने समर्थकों के बीच न जाने क्या कर रहा होगा।

हालांकि ट्रम्प की भतीजी का कहना है कि वाइट हाउस छोड़ने के बाद डोनाल्ड ट्रम्प की जगह जेल होनी चाहिए। उन्होंने अपने चाचा और अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को अपराधी, क्रूर व ग़द्दार बताते हुए कहा है कि वाइट हाउस से निकलने के बाद ट्रम्प की जगह जेल में होनी चाहिए है। मेरी ट्रम्प ने एसोशिएटेड प्रेस से बात करते हुए कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प पर वाइट हाउस छोड़ने के बाद मुक़द्दमा चलाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में अमरीका को ट्रम्प से भी बुरे राष्ट्रपति के सत्ता में पहुंचने का अनुभव न करना पड़े। उन्होंने डोनल्ड ट्रम्प की ओर से राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को स्वीकार न किए जाने और चुनाव में धांधली के उनके दावों के बारे में कहा कि चुनाव के बाद ट्रम्प का रवैया उनके व्यक्तित्व से पूरी तरह मेल खाता है क्योंकि वे कभी भी क़ानूनी तौर पर कामयाब हुए ही नहीं।